कोटपूतली-बहरोड़ की प्रागपुरा ग्राम सेवा सहकारी समिति को नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस पर राज्य स्तरीय अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 'पैक्स एक्सेलेरेटर प्रोग्राम' के तहत राजस्थान स्टेट नाबार्ड कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदान किया गया। कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास थे। इस अवसर पर शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. सुमित शर्मा, नाबार्ड के उप महाप्रबंधक, भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक, नाबार्ड राजस्थान के महाप्रबंधक डॉ. आर. रवि बाबू, राजस्थान ग्रामीण बैंक के चेयरमैन और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) राजस्थान के सीजीएम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। समिति की ओर से चेयरमैन उपेन्द्र सिंह शेखावत और कैलाश चंद स्वामी ने यह सम्मान ग्रहण किया। यह पुरस्कार सहकारी समिति द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों और 'पैक्स एक्सेलेरेटर प्रोग्राम' के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया। इस सम्मान को प्रागपुरा सहित पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। क्षेत्र के सहकारिता से जुड़े लोगों ने समिति की इस उपलब्धि की सराहना की।