कोटपूतली जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने को लेकर बुधवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह सहित परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर परिषद और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर बने अवैध कट्स को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि बंद किए गए कट दोबारा खोले जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच अभियान चलाने, जिले के प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग पर होगी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग और गलत तरीके से ओवरटेक करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाईवे पर निगरानी बढ़ाने और आई-रेड पोर्टल पर दर्ज मामलों का जल्द निस्तारण करने पर भी जोर दिया।