कोटपूतली के पूतली रोड स्थित शरणम गार्डन में शारदीय नवरात्र पर दो दिवसीय गरबा-डांडिया महोत्सव हुआ। इसमें बच्चों और महिलाओं ने रंग-बिरंगे पारंपरिक कपड़ों में प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक गरबा-डांडिया की धुन पर प्रतिभागी थिरकते रहे। महोत्सव का शुभारंभ मां भगवती की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर और आरती के साथ किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह सारण और उपखंड अधिकारी योगेश देवल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और सामाजिक समरसता बढ़ती है। महोत्सव के आखिर में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अगले साल महोत्सव को और भव्य बनाया जाएगा।