तीन राज्यों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कोटपूतली सहित पूरे जिले में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और कई स्थानों पर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की इस बड़ी सफलता के पीछे कोटपूतली निवासी सुनील बंसल की भूमिका अहम मानी जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि बंसल ने चुनाव को केवल बड़े मंचों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे बूथ स्तर तक ले गए। कोटपूतली क्षेत्र में सुनील बंसल की इस भूमिका को लेकर खासा गर्व देखने को मिला। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और नारेबाजी करते हुए जमकर जश्न मनाया। कोटपूतली के निवासी है सुनील बंसल भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल का जन्म 20 सितम्बर 1969 में कोटपूतली में हुआ था। उन्होंने छात्र जीवन से ही राजनीति शुरू कर दी थी। एबीवीपी सदस्य के तौर पर उन्होंने राजनीति शुरू की। 1989 में राजस्थान यूनिवर्सिटी के महासचिव चुने गये। इसके बाद आरएसएस से जुड़ गए। 1990 में आरएसएस प्रचारक के तौर पर काम शुरू किया। बाद में उन्होंने भाजपा के सदस्य के तौर पर सक्रिय राजनीति में कदम रखा।