मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में 15 जुलाई से गर्भवती महिलाओं की सघन स्क्रीनिंग के लिए पांच दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. दीपेश चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत पीएचसी कुस्तला में 42 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। प्रत्येक महिला की आवश्यक जांच करते हुए हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान एनीमिया, उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), थायरॉयड, आरएच फैक्टर सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं तथा जरूरत के अनुसार उपचार भी प्रदान किया गया। स्वास्थ्य जांच के दौरान कुल 8 गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी श्रेणी में चि​िह्न​त किया गया। इन महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की जटिलता से बचा जा सके। इसके अलावा गंभीर एनीमिया से पीड़ित 5 गर्भवती महिलाओं को एफसीएम इंजेक्शन भी लगाए गए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना है। साथ ही उन्हें नियमित प्रसव पूर्व जांच, संतुलित आहार, आयरन एवं कैल्शियम की दवाओं के सेवन तथा संस्थागत प्रसव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।