राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर द्वारा आयोजित प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 के लिए उदयपुर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 9 और 10 मई को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में उदयपुर में कुल 59 हजार 319 अभ्यर्थी अपने भाग्य का फैसला करेंगे। जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, उदयपुर जिले में 189 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 88 राजकीय और 101 निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़ को समन्वयक नियुक्त किया गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार शाम 4:30 बजे मधुबन स्थित रेजिडेंसी विद्यालय में बैठक हुई, जिसमें सभी 128 केंद्र अधीक्षक, 290 ऑब्जर्वर और 157 उप-समन्वयक शामिल हुए। जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 126 में कंट्रोल रूम (फोन: 0294-2413278) भी स्थापित कर दिया है। 60 मिनट पहले पहुंचें प्रशासन के अनुसार सुरक्षा के लिहाज से परीक्षा केंद्रों पर फेस ऑथेंटिकेशन और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ठीक 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा, इसके बाद केंद्रों के द्वार बंद कर दिए जाएंगे। ट्रैफिक बनेगा चुनौती दो दिनों में 59,319 अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के उदयपुर पहुंचने से शहर की यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव रहने वाला है। विशेषकर 10 मई को सबसे ज्यादा 39,330 अभ्यर्थी विज्ञान विषय की परीक्षा के लिए शहर में होंगे। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, देहली गेट आदि स्थानों पर जाम की स्थिति बन सकती है, जिसे सुचारू रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी।