डीडवाना-कुचामन जिले में लाडनूं कस्बे में जैन विश्व भारती संस्थान की छात्राओं को परेशान करने वाले 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी छात्राओं को स्नैपचैट पर आपत्तिजनक संदेश भेजते थे और राह चलते उन पर फब्तियां कसते थे। थानाधिकारी शंभुदयाल के नेतृत्व में कालिका टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार कालिका टीम को शिकायत मिली थी कि जैन विश्व भारती कॉलेज, लाडनूं में अध्ययनरत छात्राओं को कुछ युवक लगातार स्नैपचैट पर आपत्तिजनक मैसेज भेज रहे हैं। साथ ही, वे कॉलेज के आसपास घूमकर छात्राओं पर फब्तियां कसते थे। शिकायत के बाद कालिका टीम ने जैन विश्व भारती कॉलेज के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे 3 युवकों को हिरासत में लिया और लाडनूं थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। तीनों आरोपी करने लगे शांतिभंग की कोशिश पूछताछ के दौरान तीनों युवक कॉलेज के पास अपनी मौजूदगी का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सके। पुलिस ने बताया कि तीनों शांति भंग करने पर आमादा हो गए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अरबाज खान (18) निवासी मगरा बास, लाडनूं; अर्जुन गांधी (20) निवासी मगरा बास, लाडनूं और अजय मीणा (27) निवासी बाजवा, थाना गुढ़ा गौड़जी, जिला झुंझुनूं शामिल है।