लालगढ़ रेलवे स्टेशन को अमृत योजना के तहत करोड़ों रुपए खर्च कर भव्य रूप दिया गया है। स्टेशन का हेरिटेज प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम और वाहन पार्किंग बेहद शानदार बनाए गए हैं। इसके उलट मुख्य द्वार के ठीक सामने वाले रास्ते पर लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा हुआ है। छह माह से अधिक समय से बना यह कचरा पॉइंट स्टेशन की पूरी सुंदरता को खराब कर रहा है। अमृत योजना के जरिए लालगढ़ स्टेशन का कायाकल्प कर इसे आधुनिक और आकर्षक बनाया गया है। लेकिन मुख्य मार्ग पर पसरी गंदगी पूरी खूबसूरती पर दाग लगा रही है। स्थानीय लोगों और यात्रियों की बार-बार मांग के बावजूद इस कचरे को नहीं हटाया जा रहा है। स्टेशन के बाहर लगा यह ढेर प्रशासनिक अनदेखी की पोल खोल रहा है। भव्य स्टेशन पर आने वाले यात्रियों का स्वागत कचरे की बदबू से हो रहा है।