सलूंबर में दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने लसाड़िया क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार से 45 किलो पुराना मावा और 7 किलो मिठाई मिली। दल ने कुल 52 किलो मावा और मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई। कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल रही। दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूने लिए जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद तथा अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूंबर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल ने लसाड़िया स्थित न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार और महालक्ष्मी स्वीट्स एंड बेकरी का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति का आकलन किया जाएगा। अब तक 11 प्रतिष्ठानों की जांच दीपावली के मद्देनजर जिले में विशेष निरीक्षण और नमूनीकरण अभियान चलाया जा रहा है। विभाग के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजा गया है। खाद्य कारोबारियों को मानकों की पालना के निर्देश त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ उनकी गुणवत्ता पर निगरानी भी बढ़ाई जा रही है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आमजन को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा और सहायक शूरवीर सिंह मौजूद रहे।