लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) चेतन कुमार को राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और कचरा परिवहन सेवाओं से जुड़े वर्क ऑर्डर रद्द करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है। सरकार के निर्देशों के बावजूद रद्द किए कार्यादेश जारी आदेश के अनुसार, राज्य सरकार ने नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में सफाई और कचरा परिवहन सेवाओं से संबंधित कार्यादेश रद्द कर दिए गए। आदेश में उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका की ओर से प्रस्तुत अपील विचाराधीन होने के बावजूद वर्क ऑर्डर रद्द किए गए। इसे लेकर राज्य सरकार ने अधिशासी अधिकारी चेतन कुमार के खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई की है। निदेशालय जयपुर रहेगा मुख्यालय निलंबन अवधि के दौरान चेतन कुमार का मुख्यालय निदेशालय, स्थानीय निकाय विभाग, जयपुर रहेगा। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार देय निर्वाह भत्ते का भुगतान नगर पालिका लक्ष्मणगढ़ की ओर से किया जाएगा। यह आदेश स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक एवं संयुक्त सचिव प्रतीक चंद्रशेखर ने जारी किया है। आदेश की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर अलवर, स्थानीय निकाय विभाग जयपुर के क्षेत्रीय उपनिदेशक, लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका सहित संबंधित अधिकारियों और विभागीय अनुभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। (इनपुट;चन्द्रप्रकाश पाराशर)