अलवर में घटिया सड़क निर्माण की शिकायत के बाद PWD विभाग ने संबंधित AEN-JEN से जवाब मांगा है। ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, संबंधित ठेकेदार को डिबार करने की मांग भी उठाई गई है। लक्ष्मणगढ़ के गोपालपुरा मोड़ से गोपालपुरा होते हुए टोडा गांव के ठेकड़ा तक बनी सड़क की गिट्टी उखड़ने के मामले में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) एक्शन की तैयारी में है। दरअसल, ग्रामीणों ने सड़क की खराब हालत को लेकर शिकायत की थी और विरोध जताया था। सड़क की रोड़ियां हाथ में आ रही थी। घटिया काम के बाद PWD के SE भूरी सिंह ने AEN मुकेश कुमार मीणा और JEN जमशीदा बानो के खिलाफ कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार करने के XEN को निर्देश दिए हैं। पत्र में पूछा गया है कि दोनों AEN,JEN के खिलाफ कार्रवाई के प्रस्ताव अब तक क्यों तैयार नहीं किए गए। अधिकारी को देरी का कारण बताने और कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों ने कहा- सड़क की गिट्टी उखड़ रही है ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के कुछ समय बाद ही इसकी गिट्टी और मिट्टी उखड़ने लगी। इससे सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क की जांच कराने और कमी मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। अतिरिक्त मुख्य सचिव को भी दी शिकायत इस मामले में पार्षद हेमंत कुमार यादव, राजाराम, विश्राम, खुशी, अजीत, रघुवीर यादव, जीतू, अमित, समुंद्र सिंह, गजानंद और त्रिलोक सहित सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र कुमार शर्मा ने PWD के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता से मुलाकात की थी। उन्होंने शिकायत पत्र सौंपकर दोषी कर्मचारियों को निलंबित करने और ठेकेदार को डिबार करने की मांग की थी। जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी अब इस मामले में संबंधित अधिकारी के जवाब और कार्रवाई के प्रस्तावों पर उच्चाधिकारियों के फैसले का इंतजार है। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की तकनीकी जांच कराई जाए। जांच में निर्माण सामग्री और सड़क की गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क को ठीक कराया जाए। (इनपुट: चन्द्रप्रकाश पाराशर)