धौलपुर में शहर की ओड़ेला रोड स्थित लीला विहार कॉलोनी में पिछले कई महीनों से सीवरेज लाइन जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़कों पर सीवर का गंदा और बदबूदार पानी भरा रहने से स्थानीय निवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बारिश के मौसम में यह स्थिति और भी विकट हो गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सीवर का पानी घरों के बाहर तक पहुंच गया है, जिससे निवासियों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर के गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध घरों के अंदर तक पहुंच रही है, जिसके कारण उन्हें दिनभर दरवाजे और खिड़कियां बंद रखनी पड़ रही हैं। बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ा लगातार जलभराव के कारण मकानों की दीवारों में सीलन आने लगी है, जिससे भवनों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। कॉलोनी निवासी महेश कुशवाहा ने बताया कि बच्चे स्कूल जाते समय गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बदबू से बढ़ाई परेशानी हरिओम कुशवाहा ने कहा कि बारिश के दौरान पूरी कॉलोनी जलमग्न हो जाती है और कई बार सीवर का पानी घरों तक पहुंच जाता है। बदबू और गंदगी के कारण बच्चों का बाहर खेलना भी बंद हो गया है। ममता देवी ने बताया कि गंदे पानी में बच्चे अक्सर गिर जाते हैं, वहीं महिलाओं और बुजुर्गों को फिसलने का डर बना रहता है। कई लोगों को पैरों में खुजली और त्वचा संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान छोटी देवी ने जानकारी दी कि नगर परिषद और प्रशासन को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला और समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से मांग की है कि लीला विहार कॉलोनी की सीवर व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके और संक्रामक बीमारियों के खतरे को रोका जा सके।