हनुमानगढ़ में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। शनिवार को जंक्शन स्थित डीसीसी कार्यालय के बाहर उनका पुतला फूंका गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर हुए प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ के इस्तीफे की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि राठौड़ ने कहा था कि अमेरिका-पाकिस्तान युद्ध में भाजपा के लोग पाकिस्तान की मदद करेंगे। मक्कासर ने इस बयान को देश के शहीदों का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारत को नुकसान पहुंचाया है, ऐसे बयान देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। कांग्रेस ने मांग की कि मदन राठौड़ शहीदों के परिवारों सहित पूरे देश से माफी मांगें और पद से इस्तीफा दें। आगामी चुनावों में जनता भाजपा को जवाब देगी, ऐसी चेतावनी भी दी गई।