श्रीगंगानगर। महावीर इंटरनेशनल गौरवी केंद्र ने अपने 52वें स्थापना दिवस और सेवा पखवाड़े के अंतर्गत शुक्रवार को दो राजकीय विद्यालयों में स्टेशनरी वितरण और पौधारोपण किया। अध्यक्ष वीरा मनोरमा बैद के सौजन्य से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (सतगुरु कॉलोनी) के 115 और राउप्रावि (बारहमासी) के 62 सहित कुल 177 जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्टेशनरी वितरित की गई। सचिव वीरा शर्मिला कोचर ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दोनों विद्यालय परिसरों में छायादार और फलदार पौधे रोपे गए। विद्यालय स्टाफ ने इन पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। दोनों स्कूलों की प्रधानाचार्य मंजू व शिप्रा ने केंद्र का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मीना झूंथरा, कमलकांत कोचर सहित अन्य पदाधिकारी, स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।