शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित वीर बाला कालीबाई योग उद्यान में महिला पतंजलि योग समिति का तीन दिवसीय योग शिविर नियमित योग करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति की नई जिला एवं तहसील कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। जिला संयोजिका पवन आर्य ने बताया कि इन तीन दिनों के दौरान महिलाओं को योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली के कारण तनाव, अवसाद, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इन बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य लाभ के लिए योगासन एवं प्राणायाम अत्यंत प्रभावी साधन हैं। सोमवार को समापन सत्र में राज्य प्रभारी विजयलक्ष्मी चतुर्वेदी ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि योग सचेत गति पर केंद्रित होता है, जिससे यह सभी उम्र और शारीरिक क्षमता के लोगों के लिए उपयुक्त है। चतुर्वेदी ने सूर्य नमस्कार के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि यह 12 आसनों का एक संपूर्ण समूह है जो पूरे शरीर की मांसपेशियों को सक्रिय करता है, वजन नियंत्रित रखने में मदद करता है और हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है। उन्होंने प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करने की सलाह दी। शिविर के बाद जिला कार्यकारिणी ने राज्य प्रभारी का आभार व्यक्त कर उन्हें विदाई दी। इस अवसर पर नए जुड़े सदस्यों को दायित्व सौंपे गए। गठित नई जिला कार्यकारिणी में कौशल्या रावल को संरक्षक, मंजुला खत्री को जिला महामंत्री, शालिनी वर्मा को संगठन मंत्री, शकुंतला चैहान को कोषाध्यक्ष, रानी देवी को सोशल मीडिया प्रभारी, निशा जसवानी को संवाद प्रभारी, गोमती आर्य को सहज संवाद प्रभारी और हिमानी खत्री को युक्ति प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह सिरोही तहसील कार्यकारिणी में संगीता आर्य को सरक्षिका, खुशलता खत्री को तहसील प्रभारी, रितु जांगर को तहसील महामंत्री, विमला चैहान को तहसील संगठन मंत्री, संतोष खत्री को तहसील कोषाध्यक्ष, गीता चैहान को तहसील सोशल मीडिया प्रभारी, बसंती आर्य को तहसील संवाद प्रभारी, गायत्री रावल को तहसील प्रभारी और शारदा मीणा को तहसील सह प्रभारी का दायित्व दिया गया। जिला कार्यकारिणी में हेमलता निमेष, बिना बोहरा, रानू टेकवानी, मधु गर्ग, मंजुला कुंवर, रामेश्वरी टेकवानी को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। सिरोही तहसील में पुष्कर देवल, डिंपल कुंवर, ईना दवे और बदामी देवी को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।