डूंगरपुर| शहर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने के लिए चल रही खुदाई के दौरान गुरुवार रात जलदाय विभाग की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। शुक्रवार सुबह तब चला, जब जलापूर्ति शुरू होते ही हजारों लीटर पानी फव्वारे की तरह सड़क पर बहने लगा। करीब आधे घंटे तक पेयजल व्यर्थ बहता रहा, जिससे नई आबादी और शास्त्री कॉलोनी की जलापूर्ति प्रभावित हो गई। पुराना बस स्टैंड से तहसील चौराहे तक नई पाइपलाइन बिछाने के लिए पिछले दो दिनों से जेसीबी से खुदाई का कार्य चल रहा है। इसी दौरान मुख्य जलापूर्ति लाइन टूट गई, लेकिन रात में इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। शुक्रवार सुबह विभाग ने नई आबादी व शास्त्री कॉलोनी की टंकियां भरने के लिए सप्लाई छोड़ी तो टूटी पाइपलाइन से तेज दबाव के साथ पानी फव्वारे की तरह निकलने लगा। जिससे सड़क और पास स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में पानी भर गया। सड़क पर फैले पानी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बड़ी मात्रा में पेयजल बर्बाद होने के साथ जिन क्षेत्रों में पानी पहुंचना था, वहां जलापूर्ति भी बाधित रही।