डीडवाना-कुचामन जिले के प्राइवेट स्कूल में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ रेप हुआ है। स्कूल से लौटने के बाद बच्ची पेट दर्द से कराहने लगी। मां के पूछने पर उसने कहा- स्कूल के बाथरूम में एक अंकल उसे ले गए और उसके साथ गलत हरकत की। डॉक्टरों ने भी बच्ची के साथ रेप होने की आशंका जताई है। घटना की खबर फैलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और स्कूल के बाहर भारी हंगामा शुरू हो गया। लोगों ने सड़कें जाम कर दीं। उधर, जिला कलेक्टर ने कमेटी गठित की है, जो 3 दिन में अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। 5 पॉइंट में पूरी घटना को समझिए… 1- बच्ची बोली- अंकल ने मुझे जोर से पकड़ रखा था 27 जुलाई को स्कूल से बच्ची घर आई। उसका चेहरा उतरा हुआ था। घर आते ही बच्ची ने मां से कहा- मेरे पेट में बहुत दर्द हो रहा है। मां ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और दवा दिलाने का आश्वासन दिया। धीरे-धीरे बच्ची कराहने लगी। बच्ची को असहनीय पीड़ा हो रही थी। मां के चेहरे पर चिंता की लकीरें गहराने लगी। उसने बच्ची को गोद में लिया और प्यार से तबीयत के बारे में पूछा। इसके बाद बच्ची ने जो बताया, वह सुनकर मां के होश उड़ गए। बच्ची ने मां से कहा- मेरे स्कूल में एक अंकल हैं। वो मुझे बाथरूम में ले गए थे। उन्होंने मुझे जोर से पकड़ रखा था। मेरे प्राइवेट पाट्‌र्स को बार-बार छू रहे थे। तभी से बहुत दर्द हो रहा है। 2- फौरन हॉस्पिटल लेकर गया परिवार बच्ची के साथ स्कूल के बाथरूम में हुई घटना की जानकारी मिलते ही परिवार वाले उसे शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए। वहां जांच के बाद प्राइवेट डॉक्टर ने भी रेप की आशंका जताई। इसके बाद 28 जुलाई को परिवार वालों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। 28 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग स्कूल के बाहर इकट्‌ठे हुए। भीड़ आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगी। रात 12 बजे तक रेप के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर भीड़ ने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। 3- रातभर सड़क पर डटे रहे लोग, सुबह 4 बजे तक चला धरना 28 जुलाई की रातभर प्रदर्शनकारी स्कूल के सामने डटे रहे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पूर्व विधायक श्रीराम भींचर और भाजपा नेता प्रकाश भाकर समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पूर्व विधायक बुधवार तड़के 4 बजे तक प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठे रहे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। 4- पुलिस ने मांगा 3 दिन का समय, तब खुला रास्ता मौके पर पहुंचे डीएसपी विक्की नागपाल और थानाधिकारी पंकज कुमार ने प्रदर्शनकारियों से बात की। पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी को पकड़ने के लिए 3 दिन का समय मांगने और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद सुबह करीब 4 बजे चक्काजाम समाप्त कराया गया। 5- तीन दिन बंद रहेगा स्कूल डीएसपी विक्की नागपाल ने बताया- जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने एक कमेटी गठित की है। कमेटी तीन दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। तब तक स्कूल बंद रहेगा। डीएसपी के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मासूम का मेडिकल करवाया गया है। फिलहाल बच्ची आरोपी की पहचान नहीं कर पाई है, लेकिन पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा। ----- यह खबर भी पढ़िए… ट्रक में घुसी स्कूल वैन, स्टूडेंट की मौत:गाड़ी के परखच्चे उड़े, बुरी तरह फंस गए बच्चे, एक उदयपुर रेफर स्टूडेंट्स से भरी वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। इसमें एक स्टूडेंट की मौत हो गई, जबकि 14 बच्चे घायल हैं। इसमें से 3 की हालत गंभीर है। एक बच्चे को उदयपुर रेफर किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...