अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ा गांव (नेथला) में रविवार दोपहर खेत की मेड़ (डोल) के विवाद को लेकर एक पुलिसकर्मी के परिवार पर तलवार और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में 3 महिलाओं सहित परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पुलिसकर्मी वर्तमान में प्रतापगढ़ थाने में कार्यरत है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, पूरा विवाद पुश्तैनी खेत तक जाने वाले रास्ते को लेकर था। रविवार दोपहर जब लाखन सिंह का परिवार खेत पर जा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते आरोपी पक्ष के लोग हाथों में तलवारें और लाठियां लेकर आए और लाखन सिंह के परिवार पर टूट पड़े। परिवार पर ताबड़तोड़ हमला किया आरोप है कि धर्मेंद्र राजपूत, जितेंद्र, दिलीप और गब्बर ने परिवार पर ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में मनजीत सिंह, अमित सिंह, गीता देवी, उषा और मोनिका सहित छह लोग घायल हो गए। इनमें से 4 लोगों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक सदस्य के हाथ पर तलवार का गहरा घाव लगा है। मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी घटना की सूचना मिलते ही मालाखेड़ा थाना पुलिस भारी जाब्ते (बल) के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।