भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ सुहागपुरा थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में नहाने गए एक व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के एक दिन बाद उसका शव एराव नदी के एनीकट में तैरता मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, 51 वर्षीय कन्हैयालाल मीणा 18 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे घर से नदी पर नहाने जाने की बात कहकर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, लेकिन रात तक कोई सुराग नहीं लगा। अगले दिन 19 अप्रैल की शाम ग्रामीणों ने एनीकट में एक शव तैरता देखा, जिसकी पहचान कन्हैयालाल के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के बड़े भाई मन्नालाल मीणा ने रिपोर्ट में बताया कि कन्हैयालाल को तैरना नहीं आता था। आशंका है कि नहाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। मन्नालाल दूसरे जिले में मजदूरी पर गया हुआ था, जिसके मंगलवार को लौटने के बाद मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खेती-मजदूरी से चलता था परिवार : कन्हैयालाल अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में दो बेटे अशोक और गोविंद तथा दो बेटियां अंजा और पूजा हैं। वे खेती-बाड़ी और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, माहौल गमगीन हो गया।