बारां के मांगरोल रोड पर बोहत के पास शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बमोरीकला निवासी ओमप्रकाश सुमन और बृजराज धाकड़ के रूप में हुई है। दोनों मांगरोल से बारां की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव मांगरोल उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखे गए हैं। वहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। मांगरोल सीआई ज्ञानचंद मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर कालू सुमन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर जब्त कर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है। हादसे की खबर मिलने पर मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे।