जोधपुर के पांचू क्षेत्र में एटीएम कैश वैन लूट मामले के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। डीएसटी जोधपुर ग्रामीण ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनाम रखा था। शातिर बदमाश मनीष प्रजापत को बोलेरो कैम्पर गाड़ी से घूमते समय गिरफ्तार किया। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। ग्रामीण SP पंकज यादव ने बताया पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार राज्यभर में वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा की टीम अपराधियों की धरपकड़ में जुटी थी। बोलेरो कैंपर से घूमते समय गिरफ्तार शनिवार को डीएसटी को खास मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि पांचू थाने के बहुचर्चित एटीएम कैश वैन लूट मामले में वांछित इनामी आरोपी मनीष प्रजापत चामू थाना इलाके के चिड़वाई गांव में सफेद रंग की बोलेरो कैम्पर गाड़ी लेकर घूम रहा है। आरोपी की गाड़ी जब्त सूचना मिलते ही ASI श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में डीएसटी टीम ने तुरंत ग्राम चिड़वाई में दबिश दी। पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो कैम्पर की घेराबंदी कर वाहन चालक मनीष पुत्र जियाराम, जाति कुम्हार, निवासी देउ, थाना पांचौड़ी, जिला नागौर को धर दबोचा। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर को जब्त कर लिया है। आरोपी पर पुलिस की ओर से 10,000 रुपए का इनाम घोषित था। कार्रवाई के बाद आरोपी और वाहन को अग्रिम अनुसंधान के लिए संबंधित पुलिस थाना पांचू जिला बीकानेर को सुपुर्द कर दिया गया है।