डीग के बहज गांव निवासी युवक डेविट की सड़क हादसे में घायल होने के चार महीने बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। डेविट मथुरा में सेना के फिजिकल टेस्ट के लिए गया था, तभी उसकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। यह हादसा मथुरा में नरौली पुल के पास हुआ था, जिसमें डेविट गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलने पर मथुरा हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को मथुरा के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने डेविट के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। मथुरा पहुंचने पर परिजनों ने डेविट की गंभीर हालत को देखते हुए उसे भरतपुर के अस्पताल में भर्ती कराया। लंबे समय तक चले इलाज के बाद सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे डेविट ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजन शव को डीग जिला अस्पताल ले आए और मोर्चरी में रखवा दिया। उन्होंने मथुरा हाईवे पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मथुरा हाईवे पुलिस डीग जिला अस्पताल पहुंची। परिजनों ने डीग कोतवाली पुलिस को भी अवगत कराया। डीग कोतवाली के एएसआई दारासिंह, कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल सुग्रीम मौके पर पहुंचे। मृतक का पंचनामा करने के बाद मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एएसआई दारासिंह ने बताया कि यह मामला मथुरा क्षेत्र का था, इसलिए पोस्टमार्टम कराने में कुछ देरी हुई।