भास्कर न्यूज | बाड़मेर औषधि व्यापार व जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर राजस्थान केमिस्ट एलायंस ने राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। बाड़मेर जिला केमिस्ट एसोसिएशन की दो दिवसीय संगठन बैठक माउंट आबू में हुई। जिलाध्यक्ष बद्रीप्रसाद शारदा ने कहा कि बार-बार मुद्दे उठाने के बाद भी समाधान नहीं हुआ। दवा विक्रेताओं और वितरकों में असंतोष बढ़ रहा है। जिला मीडिया प्रभारी स्वरूपसिंह लंगेरा ने कहा कि अनियमित ई-फार्मेसी संचालन से बिना चिकित्सकीय पर्ची दवाओं की बिक्री हो रही है। जिला सचिव गोपाल ने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियां भारी छूट दे रही हैं। राधेश्याम ने अधिसूचनाओं जी.एस.आर. 817 (ई) और जी.एस.आर. 220 (ई) को वापस लेने की मांग उठाई है। आरसीए ने कहा कि ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर 20 मई को प्रदेशभर की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। जिला कोषाध्यक्ष मनोहर ने कहा कि यह मामला केवल व्यापार का नहीं है। करोड़ों नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा है। लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ा है। संगठन ने अवैध ई-फार्मेसी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।