एमबी अस्पताल के मेडिकल इमरजेंसी आईसीयू में सोमवार देर रात 12:30 बजे महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। महिला के पति ने रेजिडेंट डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ पर सरिए से हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने मामला शांत कराया। अजमेर निवासी आफरीन बानो (20) गुलन बेरी सिंड्रोम से पीड़ित थीं। वे 8 अप्रैल से वेंटिलेटर पर थीं। सोमवार शाम से ही उनकी हालत नाजुक थी। ड्यूटी पर तैनात डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. आदित्य और डॉ. नरेंद्र ने शाम को सीपीआर देकर उसे रिवाइव किया। रात 11 बजे डॉ. हंसराज ने कमान संभाली, लेकिन आधी रात के बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। रात 12:10 बजे मरीज को मृत घोषित कर दिया गया। मौत की सूचना मिलते ही पति फारूक आपा खो बैठा और सरिया उठाकर ड्यूटी डॉक्टर पर हमला करने का प्रयास किया। कड़ी कार्रवाई की मांग प्राचार्य डॉ. राहुल जैन रात में ही अस्पताल पहुंचे। पीड़ित डॉ. हंसराज ने अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन को लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सुरक्षाकर्मी बढ़ाएंगे प्राचार्य डॉ. राहुल जैन ने कहा कि स्टाफ की सुरक्षा सबसे ऊपर है। ऐसे में हमारे स्टाफ की सुरक्षा तय करने के लिए हम सुरक्षाकर्मी बढ़ा रहे हैं। यूआरडीए ने कहा- 7 दिन 24 घंटे सुरक्षा दे प्रशासन घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों में भारी नाराजगी है। उदयपुर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (यूआरडीए) के प्रेसिडेंट डॉ. दीपेंद्र सेवदा ने कहा कि महिला चिकित्सकों सहित पूरा स्टाफ दिन-रात सेवा में लगा है। ऐसे में हमले की घटनाएं मनोबल तोड़ती हैं। परिसर में पूरे सप्ताह 24 घंटे पुलिस गश्त और पुख्ता सुरक्षा की जानी चाहिए।