जयपुर इन दिनों अंतरराष्ट्रीय फैशन, सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के रंगों से सराबोर है। दुनिया के करीब 40 देशों से आईं सुपर मॉडल्स ने जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, राजस्थानी परंपराओं और पारंपरिक आभूषण कला को करीब से जाना। कोई अल्बर्ट हॉल की ऐतिहासिक भव्यता को निहारती नजर आई, तो किसी ने भारतीय आभूषणों की बारीक कारीगरी और एंटीक ज्वेलरी के आकर्षक डिजाइनों में दिलचस्पी दिखाई। ये सभी मॉडल्स रविवार को जयपुर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय फैशन एवं ब्यूटी प्रतियोगिता ‘मिस एवं मिसेज सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026’ का ग्रैंड फिनाले के लिए आई है। इसका आयोजन आगरा रोड स्थित एस्थेरिया बेरीज रिसॉर्ट एंड स्पा में होगा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर विभिन्न देशों से आईं प्रतिभागियां अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, फैशन सेंस और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगी। यहां देखिए मॉडल्स के जयपुर विजिट के फोटोज दुनिया के अलग-अलग देशों से जयपुर पहुंचीं मॉडल्स इस आयोजन में 40 देशों से आईं सुपर मॉडल्स की मौजूदगी जयपुर को अंतरराष्ट्रीय फैशन के नक्शे पर एक खास पहचान दे रही है। अलग-अलग देशों की पृष्ठभूमि, पहनावे, सौंदर्य दृष्टि और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी ये प्रतिभागियां अपने-अपने अंदाज में इस प्रतियोगिता का हिस्सा बन रही हैं। ग्रैंड फिनाले से पहले शनिवार को आयोजित शहर भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने जयपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को करीब से देखा। अल्बर्ट हॉल की भव्य इमारत और यहां की वास्तुकला ने उन्हें शहर के गौरवशाली अतीत से परिचित कराया। वहीं, पारंपरिक आभूषणों की दुनिया में कदम रखते हुए उन्होंने भारतीय शिल्पकारों की कलात्मकता और सदियों पुरानी आभूषण परंपरा की झलक देखी। भारतीय आभूषणों की कारीगरी ने खींचा ध्यान जयपुर भ्रमण का एक प्रमुख पड़ाव सेठ पन्नालाल ज्वेलर्स रहा। यहां मॉडल्स ने पारंपरिक भारतीय आभूषणों की बारीक कारीगरी, अनूठे डिजाइन और एंटीक ज्वेलरी कलेक्शन को देखा। भारतीय आभूषणों की बनावट, उनमें दिखाई देने वाली कलात्मक बारीकियों और पारंपरिक शिल्प ने विदेशी प्रतिभागियों को भारतीय आभूषण परंपरा से परिचित होने का अवसर दिया। जयपुर लंबे समय से पारंपरिक आभूषणों और हस्तकला के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। यहां के आभूषणों में परंपरा और कलात्मकता का ऐसा मेल दिखाई देता है, जो उन्हें केवल सजावट की वस्तु नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा बनाता है। ‘बारात ऑन व्हील्स’ पर थिरकीं सुपर मॉडल्स विदेशों से आईं प्रतिभागियों के स्वागत को भी खास अंदाज दिया गया। कार्यक्रम आयोजक डॉ. अजय शर्मा ने सभी सुपर मॉडल्स का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान ‘बारात ऑन व्हील्स’ की अनूठी थीम ने आयोजन में उत्सव का रंग भर दिया। संगीत की धुनों पर सुपर मॉडल्स ने डांस किया और पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। भारतीय समारोहों में संगीत, नृत्य और सामूहिक उत्सव की परंपरा रही है। इसी रंग को आयोजन में शामिल करने से विदेशी प्रतिभागियों को भारतीय उत्सव संस्कृति का अनुभव मिला। मॉडल्स की प्रस्तुतियों और उत्साह ने इस स्वागत समारोह को यादगार बनाया। रैंप पर दिखेगा देशों की संस्कृति और आधुनिक फैशन का मेल ‘मिस एवं मिसेज सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026’ की खासियत यह है कि प्रतियोगिता में मॉडल्स केवल रैंप वॉक तक सीमित नहीं रहेंगी। विभिन्न राउंड्स में वे अपने-अपने देशों की संस्कृति से प्रेरित परिधान और स्वयं तैयार किए गए कलेक्शन भी प्रस्तुत करेंगी। इससे अंतरराष्ट्रीय फैशन मंच पर अलग-अलग देशों की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक पहनावे और आधुनिक डिजाइन की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में ‘मिस’ और ‘मिसेज’ दोनों श्रेणियों को शामिल किया गया है। यह आयोजन प्रियंका नितिन दुबे, डॉ. अजय शर्मा के नेतृत्व में हो रहा है।