कार्यालय संवाददाता|करौली सोमवार की दोपहर सूरज सिर पर था और गर्म हवाएं आमजन की परेशानी को और बढ़ा रही थीं। ऐसे मौसम में जब लोग घरों से निकलने से बच रहे थे, करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर एक बार फिर मैदान में नजर आए, इस बार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में। यह उनकी दिनचर्या का हिस्सा भर नहीं था, बल्कि पिछले कुछ दिनों से चल रहे एक्शन मोड की अगली कड़ी थी। कुछ दिन पहले ही वे जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल संकट पर सख्त निर्देश दे चुके थे। इसके बाद चिकित्सा विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने सख्ती दिखाई थी, जो अभी भी बरकरार है, हालांकि अभी चिकित्सा विभाग की व्यवस्थाएं सुधरने में नहीं आई है और अब बारी थी कानून-व्यवस्था की। एसपी ऑफिस पहुंचते ही विधायक सीधे पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल से मिले। एसपी ऑफिस से निकलने के बाद विधायक का अगला पड़ाव कलेक्ट्रेट रहा, जहां उन्होंने एडीएम हेमराज परिड़वाल से मुलाकात की। यहां बातचीत का फोकस बदल गया।अब चर्चा सिविल डिफेंस के कार्मिकों और आमजन की रोजमर्रा की समस्याओं पर थी। विधायक ने सिविल डिफेंस में लगे कार्मिकों को आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया और कहा कि उन्हें बेहतर संसाधन और सहयोग मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने जिले में आधार कार्ड बनवाने, नाम जुड़वाने और अन्य कार्यों में हो रही परेशानी को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि लोग इन कामों के लिए बार-बार चक्कर काट रहे हैं, जिससे खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्र के लोग अधिक परेशान हो रहे हैं। एडीएम ने भी विधायक को भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा। दिनभर की इन बैठकों और मुलाकातों को देखें तो एक बात साफ नजर आती है। भीषण गर्मी के बीच विधायक का फोकस सिर्फ बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि वे जमीन पर उतरकर समस्याओं को समझने और तुरंत समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं। पानी, स्वास्थ्य, सुरक्षा और जनसेवाएं ।गर्मी के इस मौसम में हर मोर्चे पर सक्रियता के साथ विधायक का संदेश साफ है: “जनता को राहत, हर हाल में प्राथमिकता।