जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में आईजीएनपी जीरो आरडी रोड पर भड़ला से सदराऊ की ओर जा रही एक चलती ब्रेजा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आग के गोले का रूप ले लिया। कुछ ही देर में पूरी कार जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार इलमदीन खान समेत तीनों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इंजन से निकलने लगा धुआं जानकारी के अनुसार, नूरे की भुर्ज निवासी इलमदीन खान अपने दो दोस्तों के साथ ब्रेजा कार में भड़ला से सदराऊ गांव की ओर जा रहे थे। मोहनगढ़ में जीरो आरडी के पास पहुंचने पर कार से जलने की तेज बदबू आने लगी और इंजन की तरफ से धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद तीनों लोग तेजी से कार से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कार जलकर राख हो गई। टैंकर से आग बुझाने का किया प्रयास घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी के टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आसपास के खेतों और ट्यूबवेल से भी पानी की व्यवस्था की गई, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कार को बचाया नहीं जा सका। इस घटना में वाहन पूरी तरह जल गया। शुरुआती तौर पर कार में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। मोहनगढ़ में फायर ब्रिगेड की मांग घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और किसानों ने आग से सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि नहरी क्षेत्र और दूरदराज के रास्तों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मोहनगढ़ क्षेत्र में फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि भविष्य में आग लगने जैसी घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सके। गनीमत रही कि समय रहते कार से बाहर निकलने के कारण तीनों लोगों की जान बच गई।