भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान हमीरगढ़ हवाई पट्टी के विकास का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि देश को कपड़े से ढकने वाले शहर को एयर कनेक्टिविटी कब मिलेगी? सांसद ने कहा कि भीलवाड़ा को दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से सीधे जोड़ना केवल सुविधा नहीं, बल्कि औद्योगिक मजबूरी है। क्षेत्रीय उड़ान योजना (यूडीएएन) के तहत इसे जोड़ने की मांग की गई है। सांसद ने बताया कि वर्तमान में हवाई सेवा न होने से उद्यमियों को 135 किमी दूर उदयपुर या 250 किमी दूर जयपुर एयरपोर्ट जाना पड़ता है। सांसद ने बताया कि हमीरगढ़ हवाई पट्टी सरकार के उड़ान दस्तावेज में असेवित श्रेणी में सूचीबद्ध है। वर्ष 2019 में उड़ान 4.0 के दौरान बोलियां भी प्राप्त हुई थीं, लेकिन कोविड के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। हवाई कनेक्टिविटी से भीलवाड़ा के औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन क्षेत्र में नई गति आएगी।