झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र में सांसद दुष्यंत सिंह की जनसंवाद यात्रा जारी है। यात्रा के पांचवें चरण के दूसरे दिन सारोला कलां से शुरू होकर उमरिया रोड, सारोला खुर्द, डूंगरपुर होते हुए सीमलखेड़ी (खण्डी) में संपन्न हुई। इस दौरान सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि परिवार के साथ चलने से उनमें नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद सांसद और उनके साथ चल रहे कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहा। सांसद सिंह ने बताया कि भाजपा के कार्यकाल में खानपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़े विकास कार्य हुए हैं। इसके बावजूद कुछ छोटी-छोटी समस्याएं हो सकती हैं, जिनसे जनता को परेशानी होती है। इन्हीं समस्याओं को जानने और समझने के लिए यह पदयात्रा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और क्षेत्र में खुशहाली आए। पदयात्रा के दौरान रेबारी समाज ने सांसद सिंह का भव्य स्वागत किया। सारोला खुर्द और सीमलखेड़ी में उन्होंने जनसुनवाई की और प्राप्त ज्ञापनों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पदयात्रा में आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एवं यात्रा प्रभारी श्यामसुन्दर शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, महामंत्री कृष्णा मंडलोई, हेमंत सिंह सोजपुर, उपाध्यक्ष हरि पाटीदार, कोषाध्यक्ष विमल सुराणा, पूर्व प्रधान शीला शर्मा, भावना झाला, लाली बाई, प्रेमबाई लोधा, मीडिया संयोजक रंजीता पांडे, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश सुमन, रविकांत मीणा, प्रदीप सिंह, संतोष नागर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।