राजस्थान पुलिस की एटीएस और मुंडावर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश योगेंद्र उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया है। योगेंद्र हत्या के प्रयास समेत 12 आपराधिक मामलों में वांछित था। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए लंबे बाल और दाढ़ी बढ़ाकर दक्षिण भारत के कई शहरों में छिपा था। एटीएस और मुंडावर पुलिस ने तकनीकी मदद से उसे 15 अक्टूबर को पकड़ा है। योगेंद्र ने हाल ही में पुराने विवाद में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में मुंडावर थाने में केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद से वो फरार था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, योगेंद्र के खिलाफ कई थानों में 12 आपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें मारपीट, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। पुलिस अब उससे अन्य मामलों और फरारी के संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।