खैरथल-तिजारा की मुण्डावर थाना पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी करीब तीन माह से फरार चल रहा था और मोबाइल लूट के एक मामले में वांछित था। ये मामला 4 जनवरी को खैरथल-पेहल रोड पर दोपहर करीब 2:15 बजे सामने आया था। पीड़ित हेमकर्ण ने बताया था कि स्विफ्ट कार में सवार पांच बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल रोककर अवैध हथियार दिखाए, मारपीट की और उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। मामले में मुण्डावर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब इस प्रकरण के मुख्य फरार आरोपी अंकित को भी पकड़ लिया गया है, जिस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित (20) निवासी नवीनगर, थाना शेखपुर अहीर, पुलिस जिला भिवाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।