सवाई माधोपुर में एग्रीकल्चर सुपरवाइजर एग्जाम में पुलिस ने कैंडिडेट को फोन के साथ गिरफ्तार किया है। अभ्यर्थी रबर की चप्पल को काटकर इसमें मोबाइल रखकर लाया था। एग्जाम के दौरान टॉयलेट का बहाना कर बाहर गया और मोबाइल से क्वेश्चन पेपर की फोटो भेजने का प्रयास कर रहा था। एग्जामिनर को झांसा देने के लिए 2024 के क्वेश्चन पेपर टेबल पर रख गया था। इसी दौरान स्टाफ ने उसे पकड़ लिया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेसी भेज दिया गया। मामला मानटाउन थाना इलाके के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है। मानटाउन थाने के SHO ने बताया- रविवार को यहां एग्रीकल्चर सुपरवाइजर एग्जाम (कृषि पर्यवेक्षक) कराया गया था। इसमें नकल करने वाले केदार प्रसाद मीणा पुत्र मूलचंद मीणा निवासी रईथा को गिरफ्तार किया गया है। इसे कोर्ट में आज पेश कर जेसी भेजा गया है। मामले को लेकर सेंटर सुप्रीटेंडेंट ने मानटाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। टॉयलेट जाकर 15 मिनट तक नहीं लौटा मानटाउन थाने के SHO ने बताया- परीक्षा के दौरान रूम नंबर 01 में परीक्षार्थी केदार प्रसाद मीणा (रोल नंबर 303253) बैठा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थी। वह परीक्षा के दौरान शौचालय गया और करीब 15 मिनट तक वापस नहीं लौटा। इस पर स्टाफ ने अधिकारियों को सूचना दी। चप्पल में मिला मोबाइल केदार को स्टाफ ने चेक किया तो उसके पास से चप्पल में मोबाइल फोन, पुराना प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि वह मोबाइल को चप्पल की सोल में छिपाकर परीक्षा केंद्र में लाया था और शौचालय में जाकर प्रश्न पत्र की फोटो भेजने की कोशिश कर रहा था। केंद्र प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परीक्षार्थी को पकड़कर कार्यालय में बैठाया और उसके पास से मिली सभी सामग्री जब्त कर ली। बाद में बरामद मोबाइल को मानटाउन थाना पुलिस को सौंप दिया गया। 2024 का पेपर भी साथ लाया था जांच में सामने आया कि आरोपी 2024 के एग्रीकल्चर सुपरवाइजर एग्जाम के पेपर को टेबल पर रख गया था। वहीं 2026 का पेपर अपने साथ ले गया था। वह इस पेपर को भेजने वाला था।