टोंक| धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण के उद्देश्य से जयपुर-कोटा मार्ग पर एनएच-52 स्थित सवाई माधोपुर पुलिया के पास नवनिर्मित मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम में एक नवंबर को संगीतमय दिव्य आध्यात्मिक संवाद एवं सत्संग का आयोजन होगा। इसमें रामकथा मर्मज्ञ एवं आध्यात्मिक प्रवक्ता महेश दत्त रामायणी श्रद्धालुओं को रामभक्ति, आध्यात्मिक ज्ञान, सनातन संस्कृति के विभिन्न पहलुओं से रूबरू कराएंगे। आश्रम के संस्थापक ज्योतिषाचार्य पंडित राजकुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर दो बजे से शुरू होगा। सत्संग में रामकथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भक्ति, शांति, सद्विचार, जीवन-मूल्यों की महत्ता पर प्रकाश डाला जाएगा। संगीतमय प्रस्तुतियों, आध्यात्मिक संवाद के जरिए भगवान श्रीराम के आदर्शों, रामनाम की महिमा, सनातन संस्कृति की शिक्षाओं का संदेश दिया जाएगा। रामकथा के प्रसंग मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग, सेवा, करुणा जैसे जीवन-मूल्यों की प्रेरणा देते हैं। आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सदाचार से जोड़ना है। साथ ही, उन्हें आध्यात्मिक चिंतन के प्रति प्रेरित करना है।