नगर निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद बाड़मेर में भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है। बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में कुल 179 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से 130 प्रत्याशियों को अज्ञातवास में भेजे जाने की जानकारी है। भाजपा ने अपने 55 प्रत्याशियों के साथ 12 से ज्यादा निर्दलीय प्रत्याशियों को भी बाड़ाबंदी में शामिल किया है। वहीं कांग्रेस में दो गुटों की ओर से अलग-अलग प्रत्याशियों को अज्ञातवास में भेजे जाने की चर्चा है। कांग्रेस में दो गुटों की बाड़ाबंदी कांग्रेस दो गुटों में बंटी हुई है। पूर्व विधायक मेवाराम जैन और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा की ओर से अलग-अलग बाड़ाबंदी किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने 15 से 20 कांग्रेसी और निर्दलीय प्रत्याशियों को अज्ञातवास में भेजा है। वहीं जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा की ओर से कांग्रेस के बाकी प्रत्याशियों को अज्ञातवास में भेजे जाने की चर्चा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा समेत कई नेता प्रत्याशियों के संपर्क में बताए जा रहे हैं। गोदारा ने बताया कि प्रत्याशी संपर्क में हैं। भाजपा ने पहले कार्यालय में लिया फीडबैक भाजपा ने सभी प्रत्याशियों को पहले पार्टी कार्यालय में इकट्ठा किया। यहां प्रत्याशियों से उनके-अपने वार्ड का वन-टू-वन फीडबैक लिया गया। इसके बाद रात में प्रत्याशियों को बसों से अज्ञातवास में भेज दिया गया। भाजपा कार्यालय में दो लग्जरी बसें लगाई गई थीं। देर रात प्रत्याशियों का सामान भी मंगवाया गया। प्रत्याशियों को उनके घरों से गाड़ियों के जरिए लाया गया। महिला प्रत्याशियों के साथ उनके परिजन भी सामान लेकर पहुंचे। इसके बाद सभी को अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया। 50 निर्दलीयों पर दोनों दलों की नजर बाड़मेर नगर परिषद चुनाव में 50 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में थे। कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को सीधी चुनौती दी है। ऐसे में अगर किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो निर्दलीय प्रत्याशी बोर्ड बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसी वजह से मतदान खत्म होते ही भाजपा और कांग्रेस की नजर निर्दलीय प्रत्याशियों पर है। भाजपा ने अपने 55 वार्ड प्रत्याशियों के साथ 12 से ज्यादा निर्दलीयों को भी बाड़ाबंदी में शामिल किया है। 55 वार्डों में 179 प्रत्याशी मैदान में थे बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में चुनाव हुए। इनमें 55 कांग्रेस, 55 भाजपा, 18 आरएलपी, एक बीएसपी और 50 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में थे। नगर परिषद क्षेत्र में कुल 63,078 मतदाता थे। इनमें से 53,453 मतदाताओं ने वोट डाला। पहले चरण की वोटिंग के बाद अब प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी के जरिए भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने पक्ष के पार्षदों को एकजुट रखने की कोशिश कर रहे हैं। …. इससे जुड़ी खबर पढ़े… बाड़ेबंदी के लिए प्रत्याशी को किडनैप करने की कोशिश:ASP के साथ हुई धक्का-मुक्की; पुलिस की गाड़ी की चाबी निकालने का प्रयास बाड़मेर में नगर निकाय चुनाव की वोटिंग खत्म होने के साथ ही पार्टियों ने बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। इस दौरान वार्ड 48 के कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल माली को बुधवार रात 8.30 बजे शहर के बेरियों का बास इलाके में कुछ लोगों ने कार में डालकर किडनैप करने की कोशिश की। पूरी खबर पढ़ें