नागौर पुलिस ने ऑपरेशन संकल्प के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्कर गोविंद राम की करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई एसपी रोशन मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम और वृत्ताधिकारी जतिन जैन के सुपरविजन में कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की गई। थानाधिकारी वेदपाल शिवरान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डीडवाना बाईपास स्थित कमर्शियल दुकानों और मकान पर शिकंजा कसा। ​पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध रकम का उपयोग कर अपनी पत्नी मूली देवी के नाम पर ये संपत्तियां खरीदी थीं। करोड़ों की प्रॉपर्टी फ्रीज एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के अंतर्गत कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि आरोपी गोविंद राम के खिलाफ पहले से ही तस्करी के 4 मामले दर्ज हैं। नागौर शहर में कोतवाली पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि फ्रीज की गई यह सम्पति प्राइम लोकेशन पर है और इसकी कीमत करोड़ों में है। किराए पर दे रखी थी दुकानें प्रॉपर्टी के बाहर दुकाने बनी हुई है जबकि ऊपर की मंजिल फाइनेंस कंपनी को किराए पर दी हुई थी। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर इसी तरह फ्रीज किया जाएगा। ​आरोपी के विरुद्ध दर्ज प्रमुख मामले: ​करणपुर (गंगानगर): वर्ष 2019 में आरोपी के विरुद्ध 8 किलो 150 ग्राम अफीम तस्करी का पहला मामला दर्ज हुआ था। ​सदर थाना (2023): पुलिस ने आरोपी से 2 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर मुकदमा दर्ज किया था। ​सूरतगढ़ (2025): यहां आरोपी के खिलाफ 904 ग्राम अफीम की बरामदगी का मामला दर्ज है। ​सदर थाना (2025): आरोपी के विरुद्ध 7 किलो 200 ग्राम अफीम तस्करी का एक और बड़ा प्रकरण दर्ज किया गया था।