नागौर के नया दरवाजा के हनुमान मंदिर में चल रहे 36वें अखंड हरिकीर्तन एवं ताल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है। मंदिर परिसर में पिछले कई दिनों से 24 घंटे रामनाम संकीर्तन, हनुमान चालीसा पाठ, नवाह्न पारायण और भजन-कीर्तन का सिलसिला लगातार जारी है। सुबह से देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में भाग ले रहे हैं। 13 जुलाई को समापन किया जाएगा। 13 जुलाई तक चलेंगे धार्मिक कार्यक्रम महेंद्रपुर बालाजी मंडल के तत्वावधान में यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन 6 जुलाई से शुरू हुआ। जो 13 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान महिलाओं की भजन मंडलियां लगातार संकीर्तन कर रही हैं, जबकि श्रद्धालु हनुमान चालीसा और धार्मिक अनुष्ठानों में उत्साह के साथ भागीदारी निभा रहे हैं। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। हवन एवं पूर्णाहुति के साथ समापन होगा आयोजकों ने बताया- 13 जुलाई को सुबह 11:15 बजे हवन एवं पूर्णाहुति के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का समापन होगा। इसके बाद शाम 5:30 बजे मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु महेंद्रपुर बालाजी मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार, यह आयोजन पिछले 36 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। सप्ताहभर मंदिर में चौबीसों घंटे रामनाम संकीर्तन, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन का क्रम चलता है। इसी परंपरा ने ताल सप्ताह को नागौर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल कर दिया है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था के साथ पहुंचते हैं।