नागौर जिले में आपसी रंजिश के कारण एक परिवार पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 4 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में उपयोग में लिए 3 वाहनों को जब्त किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आया था। इसमें आरोपी ट्रैक्टर और गाड़ियों से पीड़ित परिवार को कुचलने का प्रयास करते नजर आ रहे थे। ​15-20 लोगों ने घेरा, महिलाओं से भी की छेड़छाड़ ​पुलिस के अनुसार, परिवादी ने रिपोर्ट दी कि 3 मई को आरोपी सहित करीब 15 से 20 लोगों ने उन पर हमला किया। आरोपियों ने जान से मारने की नियत से उन पर कैम्पर गाड़ियां चढ़ाने की कोशिश की और तलवार व लाठियों से गंभीर मारपीट की। रिपोर्ट में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। ​रिमांड पर आरोपी, थानाधिकारी दिलीप सहल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशानुसार गठित टीम ने दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब वायरल वीडियो का विश्लेषण कर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है।