नागौर लिफ्ट पेयजल योजना के प्रथम चरण के जरूरी रखरखाव कार्यों के चलते बुधवार 22 अप्रैल को पूरे 24 घंटे का शटडाउन रहेगा। इस दौरान नोखा दैया, देशनोक, गोगेलाव, मूंडवा, मेड़ता सहित सभी पंप हाउसों पर मरम्मत कार्य किए जाएंगे। शटडाउन के कारण प्रथम चरण से जुड़े नागौर, मूंडवा, खींवसर, मेड़ता और रियां ब्लॉक के दर्जनों गांवों-कस्बों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। विभाग के अधिकारी पीएस तंवर ने बताया कि रखरखाव के और मेंटेनेंस कार्य के लिए 24 घंटे का शटडाउन रहेगा इसके बाद आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। हालांकि इससे पहले विभाग के जितने भी वाटर टैंक्स हैं उनको पूरी तरह से भर लिया जाएगा ताकि आम जन को ज्यादा असुविधा नहीं हो। पानी नहीं आएगा नागौर शहर, बासनी, मूंडवा, मेड़ता शहर और कुचेरा में भी 24 घंटे तक नलों में पानी नहीं आएगा। गौरतलब है कि इससे पहले 19 अप्रैल को द्वितीय फेज का भी शटडाउन लिया गया था, जिसके चलते नागौर जिले के जायल के साथ संपूर्ण डीडवाना-कुचामन जिले में 24 घंटे तक आपूर्ति बंद रही थी। जलदाय विभाग ने आमजन से अपील की है कि शटडाउन से पहले पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें और बुधवार को पानी का इस्तेमाल बेहद मितव्ययता से करें, ताकि परेशानी से बचा जा सके। विभाग का कहना है कि रखरखाव के बाद जलापूर्ति व्यवस्था और बेहतर हो जाएगी।