नागौर में कृषि उपज मंडी समिति (विशिष्ट श्रेणी) में शनिवार को अधिकांश कृषि जिंसों के भाव मजबूत बने रहे। एक बार फिर जीरा 22 हजार रुपए प्रति क्विंटल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। वहीं मूंग, सौंफ और इसबगोल के भाव भी मजबूत रहे। दूसरी ओर ग्वार, चना, जौ और तिल जैसी जिंसों में सीमित दायरे में कारोबार हुआ। मंडी में मूंग का भाव 5,500 से 7,600 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। अच्छी गुणवत्ता की आवक में खरीदार सक्रिय रहे, जिससे भाव मजबूत बने रहे। जीरा लगातार मजबूत, सौंफ और इसबगोल की भी मांग जीरा ने लगातार मजबूती बनाए रखी। इसका न्यूनतम भाव 17 हजार और अधिकतम भाव 22 हजार रुपए प्रति क्विंटल रहा। निर्यात मांग और सीमित आवक के चलते जीरे में तेजी लगातार बनी हुई है। सौंफ के भाव 7,000 से 14,600 रुपए प्रति क्विंटल रहे। वहीं इसबगोल 9,000 से 13,400 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका। दोनों मसाला फसलों में अच्छे माल की मांग बनी रही। ग्वार का भाव 5,000 से 5,800 रुपए प्रति क्विंटल रहा। चना 5,000 से 5,425 रुपए प्रति क्विंटल के बीच कारोबार करता रहा, जिससे दलहनी फसलों में बाजार लगभग स्थिर दिखाई दिया। तिलहन में काला तिल 9,000 से 11,000 रुपए और सफेद तिल 10,000 से 11,500 रुपए प्रति क्विंटल तक बिके। सरसों (रायड़ा) का औसत 40 प्रतिशत तेल वाली उपज का भाव 7,600 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। अन्य जिंसों में असालिया 5,800 से 6,050 रुपए, दाना मेथी 5,700 से 6,100 रुपए, सिद्धी सुवा 6,000 से 7,500 रुपए, तारामीरा 5,500 से 6,100 रुपए तथा ज्वार 4,500 से 5,800 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर बिकी। मंडी कारोबारियों के अनुसार मसाला फसलों, विशेषकर जीरा और सौंफ में मांग बनी हुई है। वहीं दलहन और तिलहन की अधिकांश जिंसों में बाजार फिलहाल संतुलित बना हुआ है। किसानों की नजर अब आगामी दिनों की आवक और मानसूनी गतिविधियों पर टिकी हुई है।