नागौर पुलिस ने गुरुवार को विभिन्न कार्रवाईयों में कोतवाली थाने से नशा तस्करी के आरोपी की कार और SUV सीज की। वहीं जसनगर पुलिस ने नकबजनी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुचेरा थाना पुलिस ने नशा तस्करी के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं गोटन पुलिस ने भी दो स्थाई वारंटीयों के साथ NDPS के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक करोड़ की संपत्ति फ्रीज कोतवाली थाना पुलिस ने नशा मुक्त नागौर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार 20 हजार रुपए के इनामी तस्कर रामनिवास उर्फ रामा की संपत्ति पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने तस्कर द्वारा अवैध कमाई से खरीदे गए दो वाहनों, एक स्कॉर्पियो और एक स्विफ्ट कार को फ्रीज कर दिया है जिनकी कीमत लगभग 25 लाख रुपए है। इससे पहले भी आरोपी के दो आलीशान मकानों को फ्रीज किया जा चुका है और अब तक कुल 1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है। लाखों की चोरी करने वाले पकड़े जसनगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने ग्राम लाडवा में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए गैंग के दो शातिर बदमाशों गोरधन और दादुराम को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मार्च माह में एक बंद मकान का ताला तोड़कर 50 तोला सोना और 100 तोला चांदी के जेवरात पार कर दिए थे। पकड़े गए बदमाश गोरधन के खिलाफ पहले से 23 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है। स्मैक सप्लायर को दबोचा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में कुचेरा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने स्मैक की तस्करी करने वाले वांछित आरोपी राजू उर्फ दरबार को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पूर्व में पकड़े गए एक आरोपी से हुई पूछताछ और 11.30 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले से जुड़ी है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था जिसे अब सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। स्थाई वारंटी भी पकड़े गोटन थाना पुलिस ने फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहा आरोपी कैलाश और दो स्थाई वारंटी राजूराम व ताराचंद शामिल हैं। ये सभी आरोपी काफी समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे जिन्हें टीम ने सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।