जिला पावरलिफ्टिंग संघ नागौर के तत्वावधान में 45वीं जिला स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला इक्यूपड (कॉस्टयूम सहित) पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता हुई। इसका आयोजन ट्रायल बेस पर नकास दरवाजा स्थित फिटनेस प्लस जिम में किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर के महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी दावेदारी पेश की। जिला पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव कमलेश गिरी ने बताया कि 59 किलोग्राम भार वर्ग में सुनील नागौरा ने कुल 375 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। 66 किलोग्राम वर्ग में युवराज घारू ने 400 किलोग्राम और 93 किलोग्राम वर्ग में उदित नारायण ने 415 किलोग्राम भार उठाकर पहला स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में 47 किलोग्राम भार वर्ग में हर्षिता गिरी ने 120 किलोग्राम, 63 किलोग्राम वर्ग में उर्मिला ने 125 किलोग्राम तथा 84 किलोग्राम वर्ग में मनीषा ने 135 किलोग्राम भार उठाकर अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। सुनील नागौरा को मिला 'स्ट्रांग मैन' का खिताब प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुनील नागौरा ने 375 किलोग्राम भार उठाकर 'स्ट्रांग मैन' का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों को जिला संघ के सचिव कमलेश गिरी ने प्राइज देकर सम्मानित किया। जिला पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष भंवर बिश्नोई ने बताया कि चयनित खिलाड़ी अब अजमेर में आयोजित होने वाली 45वीं राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में नागौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए राजेश सोनी को टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है। राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगे गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय सीनियर इक्यूपड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 में हिस्सा लेंगे।