बूंदी के नैनवां थाना क्षेत्र में कथित गो-तस्करी प्रकरण के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नैनवां थाने के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगें पूरी न होने पर थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। यह मामला 14 जनवरी की रात भट्टों का नयागांव में सामने आया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उस रात एक कंटेनर में 21 गोवंश को कथित रूप से कत्लखाने ले जाया जा रहा था, जिन्हें बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने छुड़वाया था। हालांकि, पुलिस की देरी के कारण आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले को लेकर पहले भी 15 जनवरी को उपखंड कार्यालय और 2 फरवरी को नैनवां थाने में ज्ञापन दिए जा चुके हैं। उस समय पुलिस ने 10 दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। कार्यकर्ताओं में रोष है कि करीब साढ़े तीन महीने बाद भी मुख्य आरोपी, ट्रक ड्राइवर और मालिक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सोमवार को कार्यकर्ता सुबह नीलकंठ महादेव मंदिर पर एकत्रित हुए और रैली के रूप में थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की, रामधुनी की और थानाधिकारी का पुतला दहन किया। मौके पर पहुंचे डीएसपी राजूलाल मीणा और सीआई सहदेव सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। सीआई सहदेव सिंह ने बताया कि मामले में कुल 7 आरोपियों को नामजद किया गया था, जिनमें से 5 को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष 2 फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी करवाकर उनकी तलाश की जा रही है। बाड़े में आग लगने से दो भैंसों की जलकर मौत, एक झुलसी बूंदी के नैनवां शहर के वार्ड 17 में सोमवार सुबह एक बाड़े में शॉर्टसर्किट से आग लग गई। इस घटना में दो भैंसों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक भैंस झुलस गई। वार्ड 17 निवासी हंसराज सैनी पुत्र महावीर सैनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके मकान के पीछे से गुजर रही विद्युत लाइन में सुबह करीब 11 बजे अचानक शॉर्टसर्किट हुआ। इससे बाड़े में आग फैल गई। आग की चपेट में आने से बाड़े में बंधी तीन भैंसों में से दो की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मृत भैंसों का पशु चिकित्सक से पोस्टमॉर्टम करवाया। कंटेंट: अश्विनी शर्मा नैनवां