कोटपूतली के नांगल पण्डितपुरा गांव में प्राचीन श्री वीर गोगाजी महाराज का वार्षिकोत्सव समारोह शनिवार शाम को धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर विशाल मेले का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह के दौरान एक विशाल कुश्ती दंगल का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न वर्गों के पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए। कामड़े की कुश्ती में जमालपुर के सचिन पहलवान ने दिल्ली के राहुल पहलवान को हराकर जीत हासिल की। वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर लाल कसाना ने मुख्य अतिथि के तौर पर कामड़े की कुश्ती करवाई और विजेता पहलवान को 11 हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया। कसाना ने कहा कि मेले भारतीय पुरातन संस्कृति के प्रतीक हैं। इनसे समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द और समरसता को बढ़ावा मिलता है। इस दौरान पंसस राजेंद्र रावत, एसीबीईओ पूरण चंद कसाना, धर्मवीर पहलवान, सरपंच नाहरसिंह, घीसाराम रावत, एडवोकेट जयराम रावत, डॉ. अली पटेल, सरजीत, राजाराम, मौजीराम, चेतराम, जयराम, सचिन, बाबा सरकार, अशोक और सायर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।