महेंद्रगढ़ जिला पुलिस ने फरार आरोपियों और कोर्ट द्वारा घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक घोषित अपराधी (पीओ) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2019 में थाना सदर नारनौल में दर्ज सड़क दुर्घटना में मौत से संबंधित मामले में कोर्ट द्वारा घोषित अपराधी था। पुलिस ने उसे 30 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हमीद खान निवासी गांव समली खुर्द, थाना लक्ष्मणगढ़, राजस्थान के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सदर नारनौल में वर्ष 2019 में सड़क दुर्घटना में मौत से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में कोर्ट में पेश नहीं होने के कारण उसे घोषित अपराधी (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) घोषित किया गया था। कोर्ट में पेशकर जेल भेजा डीएसपी ने बताया कि थाना सदर नारनौल के अंतर्गत पुलिस चौकी गहली की टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। उपनिरीक्षक गोविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल नसीबपुर भेज दिया गया।