टोंक क्षेत्र में स्मैक और एमडी ड्रग्स के अवैध कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के विरोध में सोमवार शाम युवा और ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। हाथों में नशा मुक्ति के पोस्टर लेकर लोगों ने जागरूकता रैली निकाली और नशे के खिलाफ जोरदार नारे लगाते हुए आमजन को जागरूक किया। जागरूकता रैली भगवान लक्ष्मीनाथ मंदिर से शुरू हुई। रैली शशि बस्ती से होते हुए मुख्य बाजार पहुंची और वहां से पुलिस थाने पहुंची। इस दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने 'नशा हटाओ, युवा बचाओ' सहित नशे के खिलाफ विभिन्न नारे लगाए। शाम करीब 6 बजे रैली के थाने पहुंचने के बाद लोगों ने नारेबाजी करते हुए थाना परिसर में करीब आधे घंटे तक धरना देकर प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीणों एवं युवाओं ने थानाधिकारी रोडूराम को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि नासिरदा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में स्मैक और एमडी ड्रग्स की सप्लाई और सेवन लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते युवाओं के भविष्य के साथ-साथ पूरे समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थानाधिकारी रोडूराम ने ग्रामीणों से कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई में आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से अब तक तीन कार्रवाई की जा चुकी हैं और नशे के कारोबारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। एसपी को ज्ञापन देने का निर्णय थाने में ज्ञापन देने के बाद युवाओं एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि मंगलवार को सभी ग्रामीण टोंक पहुंचकर जिला एसपी को भी नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ ज्ञापन सौंपेंगे। ग्रामीण एसपी से क्षेत्र में नशे की सप्लाई पर रोक लगाने के लिए सख्त और प्रभावी कार्रवाई की मांग करेंगे। इनपुट: महेंद्र धाकड़, नासिरदा।