नाथद्वारा में लालबाग स्थित एक होटल कमरे के बाथरूम में बिज्जू घुसने से हड़कंप मच गया। होटल कर्मचारी सफाई के लिए कमरे में पहुंचे तो बाथरूम में बिज्जू को छिपा देखकर उन्होंने वन्यजीव प्रेमी नवीन गहलोत को सूचना दी। सूचना मिलने पर पिपरड़ा निवासी नवीन गहलोत अपनी टीम के सदस्य यशवंत सालवी और राजेश सालवी के साथ होटल पहुंचे। टीम ने बाथरूम में छिपे बिज्जू को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान बिज्जू ने गहलोत पर दो बार हमला करने की कोशिश की। टीम ने सावधानी बरतते हुए बिज्जू को सुरक्षित पकड़ लिया और बोरी में बंद कर दिया। बिज्जू को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गहलोत ने बताया कि बिज्जू आमतौर पर जंगल और चट्टानी इलाकों में पाया जाता है और खतरा महसूस होने पर आक्रामक हो सकता है। होटल में इसके घुसने से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया था। टीम ने वन विभाग के निर्देशानुसार बिज्जू को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया। वन्यजीव प्रेमियों ने बताया कि वन्यजीवों के आबादी क्षेत्र में आने पर लोगों को घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।