भीलवाड़ा के एडवोकेट नीरज गुर्जर ने राजस्थान बार काउंसिल चुनाव में जीत हासिल की है। वे पहली ही चुनावी मैदान में उतरे थे। उन्होंने प्रथम वरीयता के मतों से जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सोमवार को जोधपुर में समर्थकों और अधिवक्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। 2010 से शुरू की वकालत नीरज गुर्जर ने वर्ष 2010 में वकालत की शुरुआत राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर से की। शुरुआती दिनों में सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने लगातार मेहनत करते हुए अपनी पहचान बनाई। संघर्ष के इस सफर में उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 6 महीने तक रहे अतिरिक्त महाधिवक्ता विधिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें राजस्थान उच्च न्यायालय में अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में भी जिम्मेदारी मिली। उन्होंने करीब 6 महीने तक इस पद पर सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने राजस्थान बार काउंसिल चुनाव में किस्मत आजमाई और पहले ही चुनाव में प्रथम वरीयता के मत हासिल कर प्रदेशभर के अधिवक्ताओं का विश्वास जीत लिया। जीत के बाद साथियों को दी शुभकामनाएं जीत के बाद स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में एडवोकेट्स और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे युवा नेतृत्व, संघर्ष और मेहनत की जीत बताया। समर्थकों ने विश्वास जताया कि नीरज गुर्जर बार काउंसिल में अधिवक्ताओं की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगे।