बूंदी वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित धनेश्वर टोल प्लाजा पर एक ट्रक जब्त कर उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया। विभाग ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वन विभाग को मंगलवार देर रात मुखबिर से अवैध लकड़ी परिवहन की सूचना मिली थी। इस पर उप वन संरक्षक बूंदी डॉ. ए.एन. गुप्ता के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी डाबी मनीष कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में नाका प्रभारी विपिन कुमार शर्मा, वनरक्षक सतीश कुमार, राजेश चाहर और डाबी रेंज के अन्य कर्मचारी शामिल थे। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित धनेश्वर टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान अवैध रूप से लकड़ी ले जा रहे एक ट्रक को रोका गया। तलाशी में पाया गया कि ट्रक में बिना वैध दस्तावेजों के लकड़ी का परिवहन किया जा रहा था, जिसके बाद विभाग ने ट्रक को मौके पर ही जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में अवैध लकड़ी परिवहन में शामिल महबूब, निवासी बालापुरा, थाना दबलाना को गिरफ्तार किया गया। जब्त किए गए ट्रक को रेंज कार्यालय डाबी में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। राजस्थान वन अधिनियम, 1953 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान जारी है। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।