चित्तौड़गढ़ जिले में मानसून ने पहले ही दिन दमदार शुरुआत की है। शुक्रवार सुबह से जिले के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, जिससे कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। शहर में सुबह करीब 6 बजे से लगातार बारिश का दौर शुरू हो गया, जबकि जिले के कई इलाकों में गुरुवार रात से ही बादल जमकर बरसे। सुबह 8 बजे तक लगभग पूरे जिले में अच्छी बारिश दर्ज की गई और सबसे ज्यादा 70 एमएम बारिश निंबाहेड़ा में हुई। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। निंबाहेड़ा सबसे आगे, कई इलाकों में अच्छी बरसात सुबह 8 बजे तक जारी बारिश के आंकड़ों में निंबाहेड़ा सबसे आगे रहा, जहां 70 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कपासन में 53 एमएम, बस्सी में 47 एमएम, गंगरार में 32 एमएम, भूपालसागर में 27 एमएम और भदेसर में 21 एमएम बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ और राशमी में 14-14 एमएम, बड़ीसादड़ी में 12 एमएम, डूंगला में 10 एमएम, बेगूं में 6 एमएम और भैंसरोडगढ़ में 2 एमएम बारिश दर्ज की गई। मानसून की इस अच्छी शुरुआत से खेतों में नमी बढ़ी है और खरीफ फसलों की बुवाई कर रहे किसानों को भी राहत मिली है। बांधों के कैचमेंट में भी अच्छी बारिश बारिश का असर जिले के बांधों के कैचमेंट क्षेत्रों में भी साफ दिखाई दिया। बस्सी बांध क्षेत्र में सबसे ज्यादा 78 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा गंभीरी और औराई बांध क्षेत्र में 70-70 एमएम, कपासन बांध पर 54 एमएम, संदेसर बांध पर 35 एमएम, भूपाल सागर बांध पर 22 एमएम, वागन बांध पर 18 एमएम, बड़गांव बांध पर 10 एमएम और मातृकुंडिया बांध क्षेत्र में 9 एमएम बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश का दौर जारी रहा तो आने वाले दिनों में जिले के बांधों में पानी की आवक भी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री था। यानी अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इसी वजह से जिले में अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर अच्छी और कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।