भास्कर न्यूज| सवाई माधोपुर मध्यपूर्व में चल रहे संघर्ष के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी और आपूर्ति श्रृंखला पर असर की आशंका है। इसे देखते हुए भारत सरकार ने गैस आपूर्ति को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन में होगी। शहरी क्षेत्र में बुकिंग 25 दिन में होगी। जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना ने बताया कि पेट्रोलियम मंत्रालय और ऑयल कंपनी के नवीनतम दिशा-निर्देश के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन में होगी। शहरी क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर 25 दिन में होगी। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक दुरुपयोग और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रवर्तन जांच दल ने 2 फर्मों पर कार्रवाई की है। 5 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी ने गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप, उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सिगोरकलां की उचित मूल्य दुकान बंद मिली। इसके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा रही है। जिले की सभी गैस एजेंसियों पर 10 अप्रैल को 9 हजार 719 घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। जिले में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति और वितरण नियमित है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर बुकिंग न होने पर परेशान न हों। जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल, डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। आपूर्ति निर्बाध और निरंतर जारी है। उपभोक्ता पैनिक बुकिंग न करें। बुकिंग के लिए समयावधि तय की गई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। भ्रामक संदेश और अफवाह पर ध्यान न दें। घरेलू गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति हो रही है।